खांसी सिरप में मिला कचरा, स्वास्थ्य विभाग सक्रिय,फर्रुखाबाद में सभी स्वास्थ्य केंद्रों से स्टॉक वापस मंगाने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :- खांसी के एक सिरप में कथित तौर पर कचरा मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। ड्रग वेयरहाउस प्रभारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र लिखकर डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल समेत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित सिरप को तुरंत वापस मंगाने का निर्देश दिया है।
यह मामला तब सामने आया जब कुछ मरीजों ने ‘एंब्रोक्सोल हाइड्रोक्लोराइड’ सिरप में कचरा मिलने की शिकायत की। इसके बाद महाप्रबंधक (गुणवत्ता) के आदेश पर स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हो गया।
वेयरहाउस प्रभारी/फार्मासिस्ट ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और जिला अस्पताल को निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में बैच नंबर L-2505044 (निर्माण तिथि 05/2025, एक्सपायरी 04/2027) के वितरण को तत्काल रोकने और उपलब्ध स्टॉक को वापस करने को कहा गया है।
इसके अतिरिक्त, संबंधित प्रविष्टियों को पोर्टल पर दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया है। आदेश का पालन न करने पर संबंधित इकाई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित बैच की आपूर्ति केवल फर्रुखाबाद तक सीमित नहीं हो सकती है। संभावना है कि यह दवा अन्य जनपदों में भी भेजी गई हो। यदि गुणवत्ता संबंधी समस्या की पुष्टि होती है, तो इसका प्रभाव व्यापक हो सकता है। फिलहाल, एहतियाती कदम उठाते हुए स्टॉक वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने पुष्टि की है कि उनके केंद्र पर खांसी की सिरप पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि महाप्रबंधक के आदेश के अनुपालन में जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी और पीएचसी पर भेजी गई दवा वापस मंगाई जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

