प्रेमिका ने भाई-बहन संग मिलकर प्रेमी को मार डाला ,शराब पिलाई, फिर रचा खून का खेल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रांची :- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने युवक की हत्या के आरोप में उसकी प्रेमिका, उसकी बहन और भाई को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि शादी को लेकर हुए विवाद के बाद तीनों ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच पूरी करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजय कुमार दास 29 के रूप में हुई है। वह 24 फरवरी से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 3 मार्च को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस युवक की तलाश में जुट गई और विभिन्न स्थानों पर जांच शुरू की।
कुएं से मिला शव
जांच के दौरान सात मार्च को रांची जिले के दलादली चौकी क्षेत्र के तेंगरिया गांव स्थित एक कुएं से युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में रोशनी देवी 29, उसकी बहन सीमा देवी 35 और भाई भूपेश बैठा 27 को गिरफ्तार कर लिया।
शादी के दबाव को लेकर बना विवाद
एसपी (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक विजय कुमार दास का रोशनी देवी के साथ प्रेम संबंध था। रोशनी युवक पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन विजय इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते रोशनी ने अपनी बहन और भाई के साथ मिलकर विजय की हत्या की साजिश रची।
निर्माणाधीन घर में बुलाकर की हत्या
जांच में सामने आया कि रोशनी देवी ने विजय को बेदो थाना क्षेत्र के जरिया गांव स्थित अपने निर्माणाधीन घर पर बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
बोरे में भरकर कुएं में फेंका शव
हत्या के बाद घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने विजय के शव को एक बोरे में भरा और उसे बाइक पर लादकर रांची जिले के तेंगरिया गांव ले गए। वहां उन्होंने शव को एक कुएं में फेंक दिया, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके।
पुलिस ने बरामद किए सबूत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का शव, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। चाकू मुख्य आरोपी रोशनी देवी के घर से बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

