पूर्व पालिकाध्यक्ष ने नकारी बारूद की महक, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष पर लगाया साजिश का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :- पूर्व विधायक विजय सिंह के घर हुए विस्फोट को उनकी पत्नी दमयंती सिंह ने राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं।
भाजपा के कद्दावर नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मछरट्टा स्थित मकान के बेसमेंट में विस्फोट को उनकी पत्नी ने साजिश करार दिया। उन्होंने भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष पर आरोप लगाए। पूर्व पालिकाध्यक्ष दमयंती सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में रिट खारिज होने के बाद साजिश रची गई। ऐसा कौन होगा, जो अपने घर में बच्चों की मौजूदगी में ही विस्फोटक रखेगा।
पूर्व पालिकाध्यक्ष दमयंती सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह हमारी राजनैतिक लड़ाई है। साजिश के तहत हुआ है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी प्रांशुदत्त द्विवेदी ने एक मुकदमे में सुनवाई के लिए कोर्ट बदलवाने की अपील की थी। पहले हाईकोर्ट और फिर 12 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में रिट खारिज हो गई। 18 मार्च को पूर्व विधायक पति विजय सिंह की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई थी।
विस्फोटक व बारूद की कोई महक नहीं आई
इसी दौरान 17 मार्च को विस्फोट हो गया। साजिश के तहत हुआ है। हमारे परिवार को फंसाया जा रहा है। अभी जांच चल ही रही है कि बच्चों पर केस लगा दिया गया। जांच निष्पक्ष हो। घटना के बाद एसपी ने घर से उतरने के बाद ही विस्फोटक व बारूद की कोई महक नहीं आने की बात कही थी। उन्होंने जांच में सहयोग की बात को भी नकार दिया। कहा कि घटना के बाद आए डीएम और एसपी ने जो भी सवाल पूछे, उनका जवाब दिया।
मोबाइल व दो टेबलेट भी कब्जे में
बच्चों की हालत गंभीर थी। कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं थे। घटना वाले दिन बेसमेंट में महक आ रही थी। माचिस जलाते ही विस्फोट हुआ था। पुलिस मेरे लाइसेंसी असलहे राइफल व पिस्टल ले गई। बच्चों के चार मोबाइल व दो टेबलेट भी कब्जे में हैं। घर सील कर दिया। सभी कपड़े, खाने-पीने का सामान उसी घर में बंद हैं। वह इस लड़ाई को लड़ेंगी। उनके साथ सपा महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा, महासचिव रजत क्रांतिकारी, अधिवक्ता पुष्पेंद्र यादव आदि थे। वहीं, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने आरोप को निराधार बताया और समय पर जवाब देने की बात कही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

