चैत्र नवरात्र अष्टमी पर कन्या पूजन,श्रद्धालुओं ने व्रत खोला, मंदिरों में उमड़ी भीड़
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- चैत्र नवरात्र की अष्टमी गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। भक्तों ने माता के जयकारों और घंटों की गूंज के साथ पूजा-अर्चना की। नगर के प्रमुख मंदिरों को बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और सुगंधित फूलों से सजाया गया था। मंदिरों का कोना-कोना भक्तिमय वातावरण से महक उठा।
प्रसिद्ध गमा देवी मंदिर में विशेष रूप से अधिक चहल-पहल रही, जहाँ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मेले जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया। फूलमती एवं लालता देवी मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।

महिलाएं और पुरुष कतारबद्ध होकर माता को फल, फूल और मिष्ठान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे थे। बांके बिहारी मंदिर, शिवाला मंदिर, लंगड़े बाबा और राधा कृष्ण मंदिर में भी विशेष साज-सज्जा की गई थी, जहाँ भक्तों ने माथा टेका।
अष्टमी के पावन अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने नौ दिनों के कठिन व्रत का समापन किया। सुबह मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद घरों और मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनके पैर पखारे। उन्हें हलवा, पूरी और चने का प्रसाद खिलाया गया तथा उपहार भेंट किए गए। कन्या पूजन के उपरांत भक्तों ने अपना व्रत खोला।
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था बनी रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


