दो टेंपो सीज, 15 वाहनों के चालान,टीएसआई ने चलाया अभियान, छात्रों को सिखाए सड़क सुरक्षा के हुनर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए टीएसआई (यातायात उपनिरीक्षक) सतेंद्र कुमार ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
15 वाहनों के चालान काटे
अभियान के दौरान पुलिस ने दो अनफिट टेंपो सीज किए और सरिया लदे लोडरों सहित कुल 15 वाहनों के चालान काटे। टीएसआई सतेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान मानक पूरे न करने वाले और यातायात के लिए खतरा बने दो टेंपो को मौके पर ही सीज कर दिया गया। साथ ही, सड़क पर असुरक्षित तरीके से सरिया लादकर चल रहे दो लोडरों और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 छोटे-बड़े वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस टीम में उनके साथ कांस्टेबल सर्वेश यादव, मोहित और आरिफ मुख्य रूप से मौजूद रहे।
टीएसआई ने बताया कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जा रहा है। कायमगंज क्षेत्र के अपराध प्रभावित और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या अपराध को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान कर उन्हें तत्काल पकड़ा जा सके।
चेकिंग अभियान के बाद टीएसआई ने कोतवाली परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं के साथ एक संवाद सत्र आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को जागरूक करते हुए हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता, ओवरस्पीडिंग के खतरे से बचने और सड़क पर चलते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके और अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह भी दी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


