कायमगंज में गरजी किसान यूनियन, भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जेई का फूंका पुतला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- कस्बा कायमगंज में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र) ने विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) जावेद अहमद के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। यूनियन कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार, बिजली कटौती और उपभोक्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुख्य चौराहे पर जेई का पुतला दहन किया तथा विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
जवाहरगंज स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित पंचायत की अध्यक्षता प्रताप सिंह गंगवार ने की, जबकि संचालन मंजेश यादव ने किया। पंचायत में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कायमगंज में बिजली आपूर्ति पूरी तरह अव्यवस्थित है और थोड़ी-थोड़ी देर में शटडाउन किए जाने से आम जनता परेशान है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चेकिंग अभियान के नाम पर उपभोक्ताओं, विशेषकर महिलाओं को डराया-धमकाया जाता है।
किसान यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि नए बिजली कनेक्शन, पोल और केबल लगाने, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग तथा अन्य विद्युत कार्यों में बड़े पैमाने पर अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना था कि कई मामलों में ₹20 हजार से ₹60 हजार तक की अवैध धनराशि मांगी जाती है। साथ ही कुछ स्थानों पर पोल गायब करने, गलत तरीके से कनेक्शन देने और बिजली चोरी के झूठे मुकदमे दर्ज कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए।
यूनियन का कहना है कि इन मामलों की शिकायत कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना, जिला महासचिव मंजेश यादव, जिला प्रभारी रामवीर जाटव, जिला उपाध्यक्ष विनीत कुमार सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी बिंदु सिंह गंगवार, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत सहित बड़ी संख्या में किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


