डीसीएम ने स्कूल वैन में मारी टक्कर, छह बच्चे घायल, मची चीख-पुकार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद (ब्यूरो) :- जनपद के मोहम्मदाबाद कस्बे में मंगलवार दोपहर एक निजी स्कूल की वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। हाईवे पर पीछे से आ रही एक डीसीएम ने स्कूल वैन में टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार बच्चों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में छह बच्चे घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वैन में 14 बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए ले जाया जा रहा था। जैसे ही वैन बरसाना गेस्ट हाउस के सामने हाईवे पर पहुंची, तभी बेवर की ओर से तेज गति से आ रही डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन में बैठे बच्चे घबरा गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि हादसे में छह बच्चों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


