पैतृक जमीन पर कब्जे का आरोप, पीड़ित दंपति अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा, एसडीएम ने दिया जांच का आश्वासन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :- पैतृक जमीन और सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर न्याय की मांग कर रहे एक पीड़ित दंपति ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। पीड़ित पन्नालाल राजपूत अपनी पत्नी के साथ धरने पर बैठे हैं। मामले में सदर एसडीएम दीपक माथुर ने जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव पुनपालपुर निवासी पन्नालाल राजपूत पुत्र रामसहाय का आरोप है कि ग्राम संकिसा बसंतपुर में गाटा संख्या 909, जो चकमार्ग के रूप में दर्ज है, तथा गाटा संख्या 912, जो नवीन परती की सरकारी भूमि है, पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है।
पीड़ित का कहना है कि इस मामले की शिकायत वह पूर्व में कई अधिकारियों से कर चुके हैं। उनके अनुसार, सदर एसडीएम की ओर से भी आदेश जारी किया गया था। उक्त आदेश के क्रम में तत्कालीन लेखपाल ने संबंधित भूमि पर निर्मित दुकानों के संबंध में नोटिस चस्पा किए थे। इसके अलावा, सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के लिए पर्यटन विभाग के मंत्री को भी पत्र भेजा गया था।
पन्नालाल का आरोप है कि शिकायतों और पूर्व में की गई कार्रवाई के बावजूद अब तक अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। इससे परेशान होकर वह अपनी पत्नी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।
पीड़ित दंपति ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
इस संबंध में सदर एसडीएम दीपक माथुर ने बुधवार को बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं और पीड़ित दंपति को जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब देखना यह होगा कि जांच के बाद संबंधित भूमि से कथित अवैध कब्जा हटाने के संबंध में प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा


