गंगा नदी में गिरने वाले नालों को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई बैठक, गंगा में सीधे गिर रहे नालों को रोकने के लिए संबंधित विभागों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
– सोता बहादुरपुर में नालों का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत स्तर पर फिल्टर चैंबर बनाने के दिए निर्देश, 17 एमएलडी एसटीपी का भी किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद :- गंगा नदी को स्वच्छ, अविरल एवं निर्मल बनाए रखने तथा गंगा में सीधे गिरने वाले नालों के माध्यम से पहुंच रहे प्रदूषित जल को रोकने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के उपनिदेशक श्री नलिन कुमार श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा जनपद फर्रुखाबाद का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक एवं विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के उपनिदेशक श्री नलिन कुमार श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा जनपद में गंगा नदी में सीधे गिर रहे नालों की स्थिति, उनके माध्यम से गंगा नदी में पहुंच रहे दूषित जल तथा नालों के प्रवाह को रोकने के लिए किए जाने वाले आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी महोदया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा नदी में सीधे गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर उनकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। नालों के दूषित जल को गंगा में जाने से रोकने के लिए तकनीकी एवं व्यवहारिक विकल्पों पर विचार करते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दशा में अनुपचारित गंदा पानी सीधे गंगा नदी में प्रवाहित न हो।
बैठक के उपरांत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा विकासखंड बढ़पुर के ग्राम सोता बहादुरपुर में गंगा नदी में गिर रहे नालों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नालों के निकास स्थलों एवं गंगा नदी तक पहुंच रहे दूषित जल की स्थिति का जायजा लिया गया। टीम द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर नालों के पानी को गंगा नदी में पहुंचने से पूर्व रोकने एवं उसके उचित प्रबंधन के लिए फिल्टर चैंबर बनाए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि जनपद में गंगा नदी में गिरने वाले अन्य नालों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध इसी प्रकार प्रभावी कार्यवाही की जाए। नालों के पानी का समुचित उपचार एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का उपयोग करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इस कार्य में ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम द्वारा फतेहगढ़ स्थित 17 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसटीपी की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने गंगा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नालों के दूषित जल का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, जल निगम कानपुर के परियोजना अभियंता मोहित चक, जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती निहारिका पटेल, जल निगम शहरी के विपुल कुमार सहित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा




