शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह ही मंदिर पहुंच गई। भक्तों ने माता का जलाभिषेक किया। चुनरी उड़ाई और परिवार के कल्याण की कामना की। घंटे-घड़ियाल और माता की जय-जयकार से वातावरण गुंजायमान रहा।
गुरुवार को सूर्योदय से पूर्व ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नगर के मां गमा देवी मंदिर, मां फूलमती मंदिर, मां लालता देवी मंदिरो पर कतारों में लगे श्रद्धालु माता की पूजा और दर्शन के लिए बेताब थे। कतारों में खड़े श्रद्धालु माता की जय-जयकार कर रहे थे। कई स्थानों पर पांडाल में मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित कर हवन पूजन विधि विधान से किया गया।मंदिर परिसर में लाउडस्पीकर पर माता के भजनों का प्रसारण हो रहा था, जिन पर श्रद्धालु झूम रहे थे। हवन-कुंड से उठती सुगंध वातावरण को सुगंधित कर रही थी। देर रात तक दर्शनार्थियों का मंदिरों में मेला लगा रहा। वहीं, माता के भक्तों ने घरों में कलश की स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की और हवन में आहुति दी। साथ ही शाम को माता के छंद गाए गए।
पंडालों में स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं
नगर के विभिन्न स्थानो पर मां भगवती की विशाल प्रतिमाएं स्थापित की गई मां के भक्तों द्वारा विधि विधान के साथ हवन पूजन कर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई। वही शाम को समूह में देवी भक्तों ने मां दुर्गा की आरती की कई पंडालो में महिला देवी भक्तों द्वारा मां की भजन संध्या कार्यक्रम हुआ। मां ललिता देवी मंदिर में स्थापित महिषासुर मर्दिनी की प्रतिमा स्थापित की गई। इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष रजत गुप्ता उर्फ छोटू, डॉ एलके बक्शी, प्रमोद वर्मा, हिमांशू शर्मा, शनि गुप्ता, गुलशन कौशल, रोहित गुप्ता, सचिन गुप्ता, लक्ष्मणदास कौशल, किशन गुप्ता, प्रमोद शाक्य, सचिन कोरी आदि कमेटी पदाधिकारी मौजूद रहे।
दंडौती लगाकर दर्शन को पहुंमंगल गंगवार, सुशील गुप्ता,चे भक्त
तमाम श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए नंगे पैर दरबार तक पहुंचे तो कई श्रद्धालु दंडौती लगाकर माता के दर्शन किए। दंडौती लगाकर पहुंचे भक्तों ने बताया कि उन्होंने मनौती मांगी थी कि वह शारदीय नवरात्रों में दंडौती कर माता के दर्शन करेगा। उसकी यह मनोकामना माता की कृपा से पूरी हुई है।
प्रसाद की दुकानों पर लगी भीड़
नगर में मंदिर परिसर में लगी प्रसाद की दुकानों पर भी खरीदारी की भीड़ लगी रही। लोगों ने माता के भोग के लिए मिठाई खरीदी तो माता को अर्पण करने के लिए श्रृंगार सामग्री और चुनरी खरीदी। नारियल और गोले की भी खरीददारी की।
कस्बा और ग्रामीणों क्षेत्रों में भी की गई माता की पूजा
नवरात्र के प्रथम दिन नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में पहुंचकर माता जगत जननी की पूजा अर्चना की। माता के मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मंदिर पर पुलिस ने सुरक्षा की कमान संभाली। वहां महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी। मुख्य द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

