खेत से हरा नीम का पेड़ काटा ,डीएम से शिकायत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रूखाबाद :- क्षेत्र के गांव नगला जैतपुर में एक खेत मालिक ने अपने खेत से हरा नीम का पेड़ काटे जाने की शिकायत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी से की है। पीड़ित विमलेश कुमार ने बुधवार को फतेहगढ़ स्थित डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विमलेश कुमार ने बताया कि उनके खेत की मेड़ पर आम और नीम का पेड़ लगा हुआ था। 11 सितंबर 2025 की रात करीब 9 बजे जब वह खेत की रखवाली करने गए, तो उन्होंने श्यामवीर पुत्र बेचेलाल और रोहित पुत्र अवधेश को आरी से नीम का पेड़ काटते देखा। उनके चिल्लाने पर आरोपी भाग गए।
इसके बाद, 29 सितंबर को सुबह लगभग 8 बजे श्यामवीर और रोहित ने बचे हुए नीम के पेड़ को काटकर चकरोड पर गिरा दिया। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और कहा कि वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। विमलेश कुमार ने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनका आरोप है कि दरोगा उदयवीर सिंह ने जांच में गलत रिपोर्ट लगाई, जिसमें कहा गया कि पेड़ आंधी में कटा था और किसी ने नहीं काटा। पीड़ित ने डीएम से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने पीड़ित को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस संबंध में थाना जहानगंज के थाना प्रभारी से बुधवार को उनके सीयूजी नंबर पर दो बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल नहीं लगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

