प्रमुख तंबाकू व्यवसायी के मुनीम से लाखों की लूट, तमंचे की बट से हमला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– साप्ताहिक हिसाब के लिए गोदाम जा रहा था मुनीम, वारदात से व्यापारियों में दहशत—देर रात तक सड़कों पर पुलिस की चौकसी
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले कायमगंज में बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। नगर के प्रमुख तंबाकू व्यवसायी सत्य प्रकाश अग्रवाल के मुनीम से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर रुपयों से भरा थैला लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मुनीम के सिर पर तमंचे की बट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।
नगर के मोहल्ला तलैया काजम खां निवासी पंकज शर्मा तंबाकू व्यवसायी सत्य प्रकाश अग्रवाल के यहां मुनीम का काम करते हैं। बताया गया कि रक्षाबंधन को लेकर मजदूरों का साप्ताहिक हिसाब-किताब करने के लिए वह शाम के समय रुपयों से भरा थैला लेकर गोदाम की ओर जा रहे थे।
दुर्गा टॉकीज के समीप लालपुर जाने वाले मार्ग पर गोदाम के समीप अचानक बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने पंकज की कोख पर तमंचा सटा दिया, जबकि दूसरे ने तमंचे की बट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। अचानक हुए हमले से मुनीम संभल नहीं सके। मारपीट में उनके सिर और हसली में चोटें आईं। इसके बाद बदमाश मौका पाकर बाइक से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही सीओ अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई और संभावित साक्ष्यों की पड़ताल शुरू कर दी।
लाखों की लूट की चर्चा से मचा हड़कंप
लूट की खबर देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी, जिसके चलते लूटी गई नकदी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। फिलहाल चर्चाओं के आधार पर लूट की रकम लाखों रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पहुंचकर की पूछताछ
घटना को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक देर शाम कायमगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मुनीम से घटना के संबंध में जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल की। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी रहीं।
देर रात तक सड़कों पर पुलिस की चौकसी
लूट के बाद पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी। देर रात तक संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों को लेकर चेकिंग अभियान चलता रहा। पुलिस द्वारा आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखी गई और संदिग्धों की तलाश की गई।
व्यापारियों में दहशत, जल्द गिरफ्तारी की मांग
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और लूट की रकम बरामद कराने की मांग उठाई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि बदमाशों पर शीघ्र शिकंजा नहीं कसा गया तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बदमाशों तक पहुंचने और लूट की वास्तविक रकम का पता लगाने की है। घटना के बाद पुलिस की सक्रियता और देर रात तक चले चेकिंग अभियान से उम्मीद जगी है कि जल्द ही वारदात का खुलासा हो सकता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



