फर्रुखाबाद में युवा उत्सव का आयोजन, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिया नशा मुक्ति का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– पेंटिंग, कविता लेखन, लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
फर्रुखाबाद :- युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, जनपद फर्रुखाबाद के तत्वावधान में सोमवार को विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईडी) 2027 के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘युवा उत्सव’ का आयोजन रखा इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रखा इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजेश मसीह एवं प्रशांत कटियार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया गया।
पांच विधाओं में आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
युवा उत्सव के अंतर्गत चित्रकला, कविता लेखन, लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह और नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में अंजली रहीं प्रथम
चित्रकला प्रतियोगिता में रखा इंटर कॉलेज की अंजली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजपूताना इंटर कॉलेज के अभिनव और रखा इंटर कॉलेज की सुधा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि रखा इंटर कॉलेज की प्रिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कविता लेखन में गायत्री ने मारी बाजी
कविता लेखन प्रतियोगिता में गायत्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ की नम्रता द्वितीय और पीडी कॉलेज की तान्या तृतीय स्थान पर रहीं।
लोकनृत्य और लोकगीत में जीजीआईसी की टीम अव्वल
लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, लोकगीत समूह प्रतियोगिता में भी जीजीआईसी की टीम ने बाजी मारी। इस टीम में मानसी, चंचल यादव, राधा यादव, सोनम, नित्या, संध्या और अदीबा शामिल रहीं।
नुक्कड़ नाटक में जीजीआईसी प्रथम
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में जीजीआईसी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रखा बालिका इंटर कॉलेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम में संजना, पल्लवी, दिव्यांशी, दिव्या, अनुराधा, रिमा राठौर, रिमा कुशवाहा और प्रतिज्ञा शामिल रहीं।
निर्णायक मंडल ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में दिव्या सिंह, मंजू, ऋतु सक्सेना, गुलशन जहां एवं प्रवक्ता अनीता सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए। 
कार्यक्रम का समापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को उपहार वितरित कर किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अनुराग, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पुष्पेन्द्र यादव, युवा कल्याण अधिकारी शुभम सिंह, जीतू सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



