रफ्तार डंपर ने छात्रा को कुचला,हाथ-पैर पर चढ़े पहिए, फोन पर बात कर रहा था चालक, राहगीरों ने परिचालक को पीटा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन मोड़ के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। बालू से लदे तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार छात्रा को कुचल दिया। हादसे में डंपर के पहिए छात्रा के हाथ और पैर के ऊपर से गुजर गए।
घायल छात्रा हिमांशी पुत्री नेत्रपाल कठेरिया निवासी मझोला गांव नगर के कन्या विद्या पीठ इंटर कालेज में कक्षा 10 की छात्रा है। घटना के बाद उसे तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हिमांशी अपने भतीजे निखिल के साथ दवा लेने शहर आ रही थी। इस दौरान निखिल बाल-बाल बच गया।
डंपर चालक फोन पर बात कर रहा था
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहा था, जिससे उसने छात्रा को नहीं देखा और हादसा हो गया। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। गुस्साए राहगीरों ने डंपर के परिचालक ऋषभ निवासी अलीगंज को पकड़कर पीट दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
पुलिस ने उसे भी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से बाद में लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने डंपर कब्जे में ले लिया है।
अंधा मोड़ बना हादसों का कारण
कायमगंज-अलीगंज मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन मोड़ को स्थानीय लोग बेहद खतरनाक बता रहे हैं। कुछ समय पहले भी इसी स्थान पर एक महिला की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली रूट के भारी वाहन, बसें, गन्ने की ट्रॉलियां और बालू से भरे डंपर दिन-रात गुजरते रहते हैं, जिससे यहां लगातार जाम और हादसों की आशंका बनी रहती है।
लोगों ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज का प्रस्ताव पहले ही पास हो चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


