भांजी को बचाने के प्रयास में मामा गंगा में डूबे, गोताखोर कर रहे तलाश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :- गंगा स्नान के दौरान एक सेवानिवृत्त सैनिक अपनी भांजी को बचाने के प्रयास में गंगा में डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई।
यह घटना रविवार को कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्वासा ऋषिu आश्रम के सामने पंचाल घाट पर हुई। शहर के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी 60 वर्षीय रामशंकर अपने रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे। उनके साथ हाथरस और पुणे से आईं भांजियां संध्या, सुशीला और सुधा अपने बच्चों के साथ थीं।
बताया गया कि रामशंकर तैरना जानते थे। गंगा स्नान के दौरान उनकी भांजी सुशीला गहरे पानी में जाने लगीं और डूबने लगीं। रामशंकर ने तुरंत सुशीला को बचाकर बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान वह खुद गहरे पानी में चले गए। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि एक बार उनका सिर पानी से बाहर दिखा, लेकिन उसके बाद वह दोबारा दिखाई नहीं दिए।
मामा के डूबने पर भांजियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों द्वारा लगभग दो घंटे से रामशंकर की तलाश की जा रही है, लेकिन उनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। तलाश अभियान जारी है।
रामशंकर के तीन बेटे हैं, जिनमें से दो सेना में कार्यरत हैं और एक निजी नौकरी करता है। उनका एक बेटा इन दिनों छत्तीसगढ़ में तैनात है, जहां उनकी पत्नी भी उन्हीं के पास हैं। बताया गया कि रामशंकर इन दिनों घर पर अकेले ही रह रहे थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

