बिजली पोल में करंट से गर्भवती भैंस की मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कम्पिल / फर्रूखाबाद :- थाना क्षेत्र के धीमर नगला गांव में रविवार रात एक विद्युत पोल में करंट उतर आने से एक गर्भवती भैंस की मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक किसान को लगभग 80 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
गांव धीमर नगला निवासी किसान सुदीप ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में सिंचाई के लिए समरसेविल लगा रखी है और परिवार सहित खेत पर ही रहते हैं। उनकी गर्भवती भैंस गर्मी से बचाव के लिए खेत के पास स्थित विद्युत पोल के निकट बंधी हुई थी।
रविवार देर रात अचानक विद्युत पोल में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर भैंस पोल से चिपक गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक भैंस की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सुदीप ने बताया कि भैंस करीब 15 से 20 दिनों में बियाने वाली थी। उसकी कीमत लगभग 70 से 80 हजार रुपये थी। भैंस के साथ उसके गर्भस्थ बच्चे की भी मौत हो गई, जिससे किसान को भारी क्षति हुई है।
सोमवार सुबह सुदीप ने सिवारा विद्युत उपकेंद्र को पोल में करंट आने की सूचना दी। सूचना मिलते ही लाइनमैन मौके पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
पीड़ित किसान ने घटना की जानकारी स्थानीय लेखपाल को भी दे दी है, ताकि नुकसान का आकलन कर शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाई जा सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

