ग्राम समाज के जमीनी विवाद के बाद पुलिस की टीमें गठित, आरोपियों की तलाश जारी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रूखाबाद / मोहम्मदाबाद (ब्यूरो) :- ग्राम समाज की जमीन के विवाद में फायरिंग, पांच हिरासत में; पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में गैस प्लांट के पास सोमवार को ग्राम समाज की जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना के संबंध में निसाई ग्राम प्रधान गीता देवी ने मुडगांव के प्रधान रामनारायण सहित हितेश, मनीष, गोल्डी, धीरेन्द्र उर्फ गुड्डा एवं एक अज्ञात युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
तहरीर के अनुसार, ग्राम समाज की भूमि पर रामनारायण द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत अगस्त माह में अधिकारियों से की गई थी। पुलिस की मौजूदगी में लेखपाल और कानूनगो ने भूमि ग्राम पंचायत को सुपुर्द कराई थी, जिस पर वृक्षारोपण और मेड़बंदी भी कराई गई थी। आरोप है कि रविवार को आरोपियों ने दोबारा मेड़ तोड़ दी तथा विरोध करने पर प्रधान के पुत्र अभय के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत थाने में भी दी गई थी।

आरोप है कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे 20-25 लोगों के साथ दोबारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने पर प्रधान पति सत्येंद्र मौके पर पहुंचे, जहां उन पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर किया गया। इसके बाद उन्हें वाहन से उतारकर मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे अभय, मनोज, अमन, राहुल व अन्य लोगों के साथ भी मारपीट और फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया। तहरीर में मनोज पर बम से हमला करने का भी आरोप है।
घटना में घायल सत्येंद्र का पहले लोहिया अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें कानपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है।
घटना के बाद निसाई प्रधान गीता देवी तथा मुडगांव प्रधान रामनारायण के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रामनारायण के घर पर ताला लगा हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक मदनमोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं तथा पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
वहीं क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बम से हमला होने की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने तथा अन्य घायलों की चोटों की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


