हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बच्चे की मौत,भाई के साथ खेत से घर लौटते समय हादसा, एक साल से टूटी पड़ी थी लाइन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद (ब्यूरो) :- शमसाबाद थाना क्षेत्र के पुलियापुर चंपातपुर गांव में हादसा हो गया। टूटी पड़ी हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से 8 साल के बच्चे मयंक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे हुआ। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के चाचा ने बताया एचटी लाइन एक साल से टूटी पड़ी है।
गांव उलियापुर निवासी सुरजीत जाटव का पुत्र मयंक अपने सौतेले भाई अंकुर के साथ खेत पर मक्का की रखवाली कर रहे बाबा सोनेलाल के पास जा रहा था, लेकिन बारिश शुरू होने पर तीनों बच्चे घर लौटने लगे। इसी दौरान गांव के पास चकरोड पर एचटी लाइन का तार टूटा हुआ पड़ा था, जिसकी चपेट में मयंक आ गया।
मयंक को करंट लगते ही उसके साथ मौजूद अवनीश और अंकुर ने खेत पर मौजूद बाबा सोनेलाल को सूचना दी। सोनेलाल ने लाठी की मदद से मयंक को करंट वाले तार से अलग किया। इसके बाद परिवार के लोग उसे घर ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मयंक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मां ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चाचा ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि यह लाइन लगभग एक वर्ष से टूटी पड़ी थी। वहीं, इस संबंध में जेई जुनेद आलम ने जानकारी दी कि बरसात में बाढ़ के कारण लाइन टूट गई थी। उन्होंने बताया कि नई केबल डलवाकर बिजली चालू करवा दी गई थी। जमीन पर पड़े तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


