नशामुक्ति हेतु प्राचार्य एवं शिक्षकों ने दिलाई शपथ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध नगर के विद्या मंदिर महाविद्यालय में “नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्याम मिश्रा ने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत डॉ. विनोद कुमार यादव की विशेष सहभागिता रही। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. कुलदीप आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने की अपील की।
प्राचार्य डॉ. श्याम मिश्रा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज एवं नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। अंत में सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


