खजनी मेले में चाकूबाजी, युवक की मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– प्रदर्शनी कर्मचारियों में विवाद के बाद हुआ हमला, आरोपी शिवम कौशल गिरफ्तार
- खजनी मेले में कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी
- हमले में 28 वर्षीय युवक विवेक की मौत
- पुलिस ने आरोपी शिवम कौशल को हिरासत में लिया
- प्रदर्शनी बंद होने के बाद हुआ था कर्मचारियों में विवाद
- बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज
- सीओ खजनी दीपांशी राठौर ने दी घटना की जानकारी
- मेला स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
फर्रूखाबाद / गोरखपुर / खजनी :- खजनी थाना क्षेत्र में कोटही माता मंदिर मार्ग स्थित मेला-प्रदर्शनी में शनिवार देर रात कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई। हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी कर्मचारी शिवम कौशल (28) को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के ओमनगर निवासी विवेक (28) पुत्र दयाशंकर के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारी एक साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
इसी दौरान आरोप है कि शिवम कौशल पुत्र नरेंद्र कुमार कौशल, निवासी गंगा दरवाजा, थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद ने विवेक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में विवेक को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार मामले में केस संख्या 288/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि प्रदर्शनी बंद होने के बाद कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद मेला-प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों के बीच हुए विवाद और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। कर्मचारियों के मुताबिक प्रदर्शनी के मालिक प्रयागराज निवासी फैसल रईस हैं, जबकि मैनेजर कुलदीप शर्मा व्यवस्था देखते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


