कायमगंज में धड़ल्ले से बिक रही प्रतिबंधित मांगुर मछली! जिम्मेदार बेखबर, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- तहसील कायमगंज क्षेत्र के ग्राम रायपुर खास में प्रतिबंधित मांगुर मछली की बिक्री कथित रूप से धड़ल्ले से किए जाने का मामला सामने आया है। खुलेआम हो रही बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। जागरूक ग्रामीणों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए जांच कर प्रतिबंधित मछली की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में मांगुर मछली की बिक्री लगातार जारी है, जबकि इसके संबंध में प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो प्रतिबंधित मछली का कारोबार और बढ़ सकता है।
शिकायतकर्ता ने एसडीएम कायमगंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले से अवगत कराया है। साथ ही जिलाधिकारी से भी मांग की गई है कि संबंधित स्थानों पर जांच कराकर यह पता लगाया जाए कि प्रतिबंधित मांगुर मछली की बिक्री कहां और किन लोगों द्वारा की जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मांगुर मछली की बिक्री और भंडारण की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में इसकी बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
अब देखना यह है कि शिकायत के बाद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जांच करते हैं या प्रतिबंधित मछली का कारोबार इसी तरह बेखौफ चलता रहेगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


