बैंकों में दलालों का बोलबाला, लोन के नाम पर 15 से 20 प्रतिशत कमीशन का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- तहसील क्षेत्र की विभिन्न बैंकों में दलालों के सक्रिय होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि केसीसी, शिक्षा लोन समेत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर दलाल 15 से 20 प्रतिशत तक कमीशन वसूल रहे हैं। इसके बावजूद आवेदकों को लोन के लिए महीनों तक बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
सूत्रों की मानें तो कुछ बैंकों में दलालों का प्रभाव इतना अधिक है कि वे बैंक के क्लर्क, कैशियर काउंटर से लेकर मैनेजर की सीट तक अपनी पहुंच बनाए हुए हैं। आरोप है कि लोन से संबंधित कामकाज में दलालों की भूमिका बढ़ती जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंकों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यदि संबंधित बैंक शाखाओं के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए तो बैंक परिसर में लगातार आने-जाने वाले संदिग्ध बिचौलियों और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की गतिविधियों की जानकारी सामने आ सकती है।
लोगों ने बैंक के उच्चाधिकारियों और संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बैंकों में अनधिकृत रूप से सक्रिय बिचौलियों पर कार्रवाई करने तथा ऋण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित बैंकों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


