2027 में चुनावी मैदान में उतरेंगे नवल किशोर शाक्य! अखिलेश यादव ने दिया बड़ा संकेत, अमृतपुर सीट पर तेज हुई सियासी हलचल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद (ब्यूरो) :- उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों को लेकर अंदरखाने मंथन चल रहा है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नवल किशोर शाक्य की मुलाकात ने फर्रुखाबाद की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। इस मुलाकात के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 2027 में नवल किशोर शाक्य अमृतपुर विधानसभा सीट से चुनावी ताल ठोकेंगे?
दरअसल, नवल किशोर शाक्य समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को चेक देने पहुंचे थे। इसी दौरान अखिलेश यादव ने उनसे कहा कि नवल किशोर जी, आप समाजवादी पार्टी की मदद कर रहे हैं, अब आगे चेक मत दीजिए और अपना चुनाव लड़ने की तैयारी कीजिए।
अखिलेश यादव की इस बात को राजनीतिक गलियारों में महज एक सामान्य बातचीत के बजाय भविष्य की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके इस कथन के बाद नवल किशोर शाक्य के समर्थकों में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
पुराने चुनावी संघर्ष का भी किया जिक्र
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने नवल किशोर शाक्य के पुराने चुनावी संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नवल किशोर शाक्य एक बार चुनाव जीत चुके थे और जीत का प्रमाण पत्र लेने से पहले उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मिठाई खिलाई थी। इसके बाद चुनाव परिणाम को लेकर ऐसा घटनाक्रम हुआ कि उन्हें चुनाव हरा दिया गया।
अखिलेश यादव द्वारा पुराने चुनावी संघर्ष का सार्वजनिक रूप से उल्लेख करना भी चर्चा का विषय बन गया है। इसे नवल किशोर शाक्य के राजनीतिक संघर्ष की याद दिलाने और उन्हें आगामी चुनाव के लिए प्रोत्साहित करने के तौर पर देखा जा रहा है।
अमृतपुर सीट पर टिकी निगाहें, क्या सपा खेलेगी बड़ा दांव?
फर्रुखाबाद की अमृतपुर विधानसभा सीट पर अब राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्षेत्रीय चर्चाओं और राजनीतिक अटकलों के बीच नवल किशोर शाक्य का नाम संभावित दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि समाजवादी पार्टी ने अभी तक न तो अमृतपुर सीट से उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की है और न ही किसी तरह की उम्मीदवारी की पुष्टि की है।
फिलहाल अखिलेश यादव के बयान ने नवल किशोर शाक्य के चुनाव लड़ने की संभावनाओं को नई हवा जरूर दे दी है। अब सवाल यह है कि क्या 2027 में नवल किशोर शाक्य अमृतपुर की सियासी जमीन पर अपनी ताकत दिखाएंगे? क्या समाजवादी पार्टी उन्हें चुनावी मैदान में उतारकर कोई बड़ा राजनीतिक दांव खेलेगी?
अखिलेश यादव के एक बयान ने फर्रुखाबाद की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब सबकी निगाहें समाजवादी पार्टी के अगले कदम और नवल किशोर शाक्य की चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space




