2 अक्टूबर को भी नहीं नहाए गांधी जी, कायमगंज नगर पालिका में विकास के नाम पर सिर्फ आश्वासन का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- भारतीय किसान यूनियन पीडीए शक्ति की पंचायत सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को जवाहरगंज, कायमगंज स्थित कैंप कार्यालय पर बिट्टू शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। पंचायत का संचालन राजेश कुमार राजपूत ने किया। पंचायत में नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
पंचायत में पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और नगर अध्यक्ष समस्याएं सुनते हैं तथा ज्ञापन भी लेते हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती। वक्ताओं ने कहा कि नगर की जनता से टैक्स वसूला जाता है, लेकिन इसके बावजूद सड़क, फुटपाथ और नालियों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
पंचायत में नगर की मुख्य सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और अतिक्रमण की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं के अनुसार चौराहे से पुल गालिब तक अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है और कई बार थोड़ी दूरी तय करने में घंटों लग जाते हैं। इस समस्या को लेकर कई बार ज्ञापन दिए जाने की बात भी कही गई।
गांधी प्रतिमा की बदहाली पर उठे सवाल
जवाहरगंज में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को लेकर भी पंचायत में नाराजगी जताई गई। आरोप लगाया गया कि प्रतिमा पर धूल-मिट्टी की मोटी परत जमी है और बंदरों द्वारा गंदगी की जाती है। प्रतिमा के आसपास लगी रेलिंग भी काफी समय से टूटी हुई बताई गई।
वक्ताओं ने कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रतिमा की साफ-सफाई कर पानी से नहलाकर माल्यार्पण किया जाना चाहिए था, लेकिन गांधी जयंती बीत जाने के बाद भी प्रतिमा की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ। पंचायत में कहा गया कि गांधी जयंती के अवसर पर जगह-जगह तस्वीरों पर माल्यार्पण तो किया गया, लेकिन स्थानीय गांधी प्रतिमा की बदहाली की ओर ध्यान नहीं दिया गया।
फ्रीजर खराब, सड़क पर बना गड्ढा
जवाहरगंज मंडी में लोगों के लिए लगाए गए फ्रीजर की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए। आरोप है कि फ्रीजर को सही करने के नाम पर कर्मचारी सामान निकाल ले गए, जिसके बाद वह उपयोग में नहीं आ रहा है। फ्रीजर के पास बारिश के पानी के कारण सड़क बैठ जाने से बड़ा गड्ढा हो गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं फ्रीजर के एक तरफ झुक जाने की बात भी पंचायत में कही गई।
इसी तरह जवाहरगंज मंडी स्थित बारात घर और शौचालय के हमेशा बंद रहने का मुद्दा भी उठाया गया। पंचायत में आरोप लगाया गया कि भवन का आम लोगों और गरीबों को लाभ नहीं मिल पा रहा है और भवन भी धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है।
पेड़ की टहनी कटवाने की मांग
पंचायत में बंदरों के आतंक का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा सुधा गंगवार के घर के पास पानी की टंकी के पीछे एक पेड़ की टहनी और पेड़ के झुकने की समस्या बताते हुए उसे कटवाने की मांग की गई। वक्ताओं ने आशंका जताई कि पेड़ गिरने की स्थिति में
मकान को नुकसान हो सकता है।
पंचायत में चेतावनी दी गई कि यदि उपरोक्त समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं किया गया तो नगर के विभिन्न मोहल्लों में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और नगर अध्यक्ष के पुतले जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पंचायत में कहा गया कि इसके बाद होने वाले विरोध के लिए नगर पालिका प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।
इस दौरान मुन्नालाल सक्सेना, मंजेश यादव, राजेश कुमार राजपूत, रामवीर जाटव, बिट्टू शर्मा, नीरज सक्सेना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


