ट्रक की टक्कर से श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद /अमृतपुर :- शनिवार सुबह नौ बजे के करीब थाना अमृतपुर की सीमा बॉर्डर गुर्जर पुर गांव के पास फर्रुखाबाद बदायूं मार्ग पर तीर्थ यात्रियों से भरी निजी टूरिस्ट बस पलट गई। जिससे 16 यात्री घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 तीर्थयात्रियों को लेकर हरिद्वार से कन्नौज के लिए आने वाली बस संख्या यूपी 81 बी टी 45 39 बस गुर्जर पुर के पास से गुजर रही थी। उसी समय तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। जिसको बचाते समय बस अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में पलट गई। बस पलटने के बाद हाहाकार मच गया। गांव और आसपास खेतों में काम करने वाले लोग पलटी हुई बस की तरफ दौड़े। पुलिस को सूचना दी गई। तत्काल मौके पर थाना प्रभारी संत प्रकाश पटेल अपने हमराह साथियों के साथ पहुंच गए। एसडीएम पदम सिंह ने भी बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे हुए तीर्थयात्रियों को बाहर निकाला गया। जिसमें दर्जनों लोग घायल थे। तीर्थ यात्रियों में महिलाएं बच्चे वृद्ध और युवा भी थे। सभी का सामान इधर से उधर बिखर चुका था। बस पलटी खाने के बाद खाई में गिर पड़ी। तीर्थ यात्रियों को फंसी हुई बस से निकालकर एंबुलेंस द्वारा स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया। जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए 6 तीर्थ यात्रियों को फर्रुखाबाद लोहिया के लिए रिफर कर दिया गया। बस ड्राइवर एवं कंडक्टर हल्की चोटों के साथ बाल बाल बच गए। किसी तीर्थयात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। मौके पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सभी ने इन फंसे हुए लोगों की मदद करनी शुरू कर दी।जिससे समय रहते घायलों को अस्पताल भिजवाया जा सका।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


