पत्नी का हत्यारा कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- नगर से सटे गांव में एक व्यक्ति ने मारपीट के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। यह घटना शनिवार सात मार्च को कोतवाली क्षेत्र के प्रेम नगर गांव में हुई। गंभीर रूप से घायल पत्नी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर निवासी विजय और उसकी पत्नी शिवानी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पति विजय ने शिवानी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मृतका शिवानी के पिता चंद्र किशोर कोरी निवासी घसिया चिलौली ने रविवार, 8 मार्च को आरोपी पति विजय, ससुर रामनिवास, सास पुष्पा और देवर राघव के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पिता चंद्र किशोर कोरी ने आरोप लगाया है कि शिवानी की हत्या दहेज के लालच में की गई है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले शिवानी पर मायके से पैसे लाकर मकान बनवाने का दबाव बना रहे थे। इसके चलते शिवानी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिवानी की शादी विजय से चार साल पहले हुई थी और उनकी एक साल की बेटी काव्या है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विजय की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई है। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी विजय को आला कत्ल सहित गिरफ्तार कर चालान किया गया,जहां से चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, पुलिस अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

