फर्जी किरायेनामे से बनी कंपनी, विरोध पर जान से मारने की धमकी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- कोतवाली क्षेत्र में एक ग्रामीण के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीब 50 लाख रुपये की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पीड़ित के मकान के पते पर ‘अमन ट्रेडिंग कंपनी’ नाम से फर्जी फर्म संचालित कर रखी थी।
थाना कम्पिल क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी ताहर सिंह, जो वर्तमान में मेहंदी बाग में रह रहे हैं। उन्होंने बताया- 20 मार्च को सेंट्रल जीएसटी कार्यालय से फोन आया। उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर पंजीकृत एक फर्म पर 50 लाख रुपये का जीएसटी बकाया है। यह सुनकर वे हैरान रह गए।
कागजात की जांच करने पर ताहर सिंह को पता चला कि उनके मकान के पते पर फर्जी किरायेनामा और नकली हस्ताक्षर के आधार पर ‘अमन ट्रेडिंग कंपनी’ चलाई जा रही थी। इस खुलासे के बाद उन्होंने इसका विरोध किया।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अमन खान ने अपने साथियों अरवाज, फैजल, जुबैर, सुखवीर और आशीष के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा है। यह गिरोह फर्जी फर्मों के जरिए फर्जी बिलिंग कर अवैध तंबाकू का व्यापार करता है और करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी में संलिप्त है।
आरोप है कि जब ताहर सिंह ने इस बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने जीएसटी कार्यालय से मिले दस्तावेज पुलिस को सौंपते हुए मुकदमा दर्ज कराया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह क्षेत्र के कई तंबाकू व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए इसी तरह की फर्जी फर्में बनाता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

