भूमि विवाद में अनशनकारी की बिगड़ी तबीयत, प्रशासन ने दिया जांच का भरोसा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– अम्बरपुर में सरकारी भूमि पर कब्जे और आवंटन को लेकर विवाद, भाकियू नेता व प्रशासन में नोकझोंक
राजेपुर / फर्रुखाबाद :- थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम अम्बरपुर में भूमि विवाद को लेकर चल रहा आमरण अनशन शनिवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद चर्चा का विषय बन गया। अनशनकारी परिवार की हालत बिगड़ने पर प्रशासन हरकत में आया और उपजिलाधिकारी अमृतपुर समेत राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद एक अनशनकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ग्राम अम्बरपुर निवासी गिरीश चंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनका परिवार करीब चार दशक से गाटा संख्या 307 की लगभग 0.150 हेक्टेयर भूमि पर काबिज है। आरोप है कि हाल ही में राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा इसी भूमि के एक हिस्से पर गांव के रमाकांत, ओंमकार और अरुण को मौखिक रूप से आवंटन कर कब्जा दिलाने का प्रयास किया गया, जिससे विवाद गहरा गया।
विरोध स्वरूप गिरीश चंद्र मिश्रा अपनी पत्नी गायत्री देवी, पुत्री सुमन, पुत्र देवेश और पुत्रवधू गंगा देवी के साथ शुक्रवार से आमरण अनशन पर बैठ गए थे। शनिवार को उपजिलाधिकारी अमृतपुर रविंद्र कुमार, नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह, राजस्व निरीक्षक अतुल कुमार, लेखपाल रविंद्र वर्मा और उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जानकारी ली।
उपजिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज है तथा वर्तमान में उस पर गिरीश चंद्र मिश्रा का कब्जा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उसी गाटा संख्या की शेष भूमि का आवंटन रमाकांत के नाम किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश देते हुए राजस्व टीम को अवैध कब्जों के खिलाफ धारा-67 के तहत कार्रवाई करने तथा पात्र लोगों को आवासीय पट्टे देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के मंडल प्रवक्ता रामबरन वर्मा और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि प्रशासन द्वारा न्यायपूर्ण कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
लगातार अनशन के चलते गिरीश चंद्र मिश्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया गया। वहीं समाचार लिखे जाने तक पुत्री सुमन और पुत्रवधू गंगा देवी अनशन जारी रखे हुए थीं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


