श्रावण के दूसरे सोमवार को सोन सरोवर शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, कांवड़ियों ने चढ़ाया गंगाजल; रिमझिम बारिश में भी नहीं थमी श्रद्धालुओं की आस्था
– श्रावण के दूसरे सोमवार को शिवालय में उमड़ी भारी भीड़
– रिमझिम बारिश में भी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का उत्साह रहा बरकरार
– पुजारी गोपाल मिश्रा ने कराया रुद्राभिषेक, कमेटी अध्यक्ष ने संभाली व्यवस्थाएं
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को प्राचीन सोन सरोवर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का तांता लगा रहा। रिमझिम बारिश के बीच भी दूर-दराज से पहुंचे भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। दिनभर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
सुबह से ही कांवड़िए गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर गंगाजल से जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। देर शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं डीजे की ध्वनि के साथ बम-बम भोले के उद्घोष करते हुए मंदिर पहुंचे। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। 
प्राचीन सोन सरोवर शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सूरज पाल यादव दिनभर मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने में व्यस्त रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कमेटी के सदस्यों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से भी दिनभर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था दुरुस्त रही।
मंदिर के पुजारी गोपाल मिश्रा द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक कराया गया। रुद्राभिषेक में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
रास्ते में रही भारी भीड़, बारिश भी नहीं रोक सकी श्रद्धालुओं के कदम
पुराना नखासा से मां गंगा मंदिर तक प्रकाश व्यवस्था न होने से श्रद्धालु परेशान
प्राचीन सोन सरोवर शिव मंदिर जाने वाले मार्ग पर सोमवार को काफी भीड़भाड़ रही। रिमझिम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का मंदिर आने-जाने का क्रम लगातार जारी रहा। कांवड़ियों के जत्थों के पहुंचने से मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
हालांकि पुराना नखासा से मां गंगा मंदिर तक मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था दिखाई नहीं दी, जिससे शाम के समय आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने संबंधित अधिकारियों से इस मार्ग पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है, ताकि रात्रि में मंदिर आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आस्था के आगे बारिश भी बेअसर रिमझिम बारिश के बीच कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक
श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को मौसम ने भले ही करवट ली और रिमझिम बारिश होती रही, लेकिन भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। कांवड़िए गंगाजल लेकर जयकारे लगाते हुए सोन सरोवर शिव मंदिर पहुंचे। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


