शमसाबाद में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– ढाईघाट पर लक्ष्मी दूध डेयरी के निकट हुआ हादसा, गंभीर घायल संजय राजपूत को लोहिया अस्पताल किया गया था रेफर
शमसाबाद / फर्रुखाबाद :- रविवार शाम ढाईघाट मार्ग पर लक्ष्मी दूध डेयरी के निकट दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शमसाबाद कस्बे के मोहल्ला दलमीर खां निवासी राधेश्याम राजपूत का 45 वर्षीय पुत्र संजय राजपूत रविवार शाम ढाईघाट की ओर से बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान शमसाबाद बाजार की ओर से आ रहे अज्ञात बाइक सवार से लक्ष्मी दूध डेयरी के निकट उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि संजय राजपूत बाइक से उछलकर सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना थाना पुलिस और घायल के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घायल संजय राजपूत को अपनी पुलिस जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अलीम अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने संजय राजपूत को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और तलाश में जुटी है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



