पोछा लगाते समय कोबरा ने डसा, मां की मौत से दो बच्चों के सिर से उठा ममता का साया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- कंपिल थाना क्षेत्र के पुरौरी गांव में बुधवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब घर के कमरे में पोछा लगा रही 35 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुरौरी गांव निवासी दीपिका पत्नी दीपक बुधवार को अपने घर के कमरे में सफाई कर रही थीं। बताया गया कि कमरे में पहले से ही एक सांप छिपा हुआ था। सफाई करते समय जैसे ही दीपिका सांप के करीब पहुंचीं, उसने उनके हाथ में डस लिया।
सांप के डसते ही दीपिका चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कमरे से सांप को रेंगते हुए देखा। ग्रामीणों ने सांप को घेरकर मार दिया। ग्रामीणों के अनुसार सांप कोबरा था।
उधर, सांप के डसने के बाद परिजन बिना देर किए दीपिका को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर अमित कुमार ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सक ने दीपिका को मृत घोषित कर दिया
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

दीपिका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। दीपिका अपने पीछे 15 वर्षीय बेटे कृष्णा और 10 वर्षीय बेटी तनु को छोड़ गई हैं। जिस मां के साये में दोनों बच्चे अपना बचपन जी रहे थे, वह अचानक उनसे हमेशा के लिए दूर हो गई। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने के लिए घर पहुंच रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर कंपिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि महिला की सांप के डसने से मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक पल में उजड़ गया परिवार का संसार—
दीपिका की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरा सदमा दिया है, बल्कि दो मासूम बच्चों से मां की ममता भी छीन ली। गांव में इस दर्दनाक घटना की चर्चा हर किसी की आंखें नम कर रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



