नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर डीएम व एसपी अलर्ट, मंदिरों और मेला स्थलों का किया निरीक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
फर्रुखाबाद (ब्यूरो ) :- शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के प्रमुख मंदिरों एवं मेला स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर, क्रिश्चियन कॉलेज ग्राउंड फर्रुखाबाद, मठिया देवी मंदिर तथा गुरुगांव देवी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसरों और मेला स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान मंदिरों और मेला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में उचित स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई जाए, जिससे भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन हो सके और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
मंदिरों के आसपास सफाई और आवारा गोवंश हटाने के निर्देश
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मंदिरों के आसपास और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर प्रतिदिन व्यवस्थित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा गोवंश को पकड़कर आश्रय स्थलों तक पहुंचाने तथा सड़कों पर उपयुक्त स्थानों पर कूड़ेदान रखवाने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों पर जोर
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने मंदिरों के आसपास स्थित दुकानों के व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के आउटपुट साझा करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिल सकेगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


