नाले के गंदे पानी से मार्ग जलमग्न, फसलें बर्बाद; तहसील में धरने पर बैठे लोग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- नगर पंचायत कम्पिल के कस्बा अम्बेडकर नगर से भोगपुर जाने वाले मार्ग पर नाले का गंदा पानी भरने से ग्रामीणों और किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। समस्या का समाधान न होने से नाराज होकर सभासद एवं क्षेत्रवासी शनिवार को तहसील परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इसके बाद दोपहर दो बजे एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और कीचड़ के चलते राहगीरों और स्कूली बच्चों का आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं आसपास के खेतों में गंदा पानी भर जाने से गरीब किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। 
बुजुर्ग की टूटी कूल्हे की हड्डी, कई बच्चे हुए चोटिल
ज्ञापन में बताया गया कि सड़क पर गंदा पानी और गहरा कीचड़ जमा होने के कारण ग्रामीणों व विद्यालय जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बच्चे फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। हाल ही में काजी मोहल्ला निवासी शमशाद अली इसी कीचड़ में गिर गए, जिससे उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई और उन्हें गंभीर हालत में अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
भ्रामक आख्या लगाने का आरोप, समाधान न होने पर धरना
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से कई बार शिकायत की गई। इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल तथा संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अधिकारियों ने वास्तविक समस्या का समाधान किए बिना ही भ्रामक आख्या लगाकर शिकायतों का निस्तारण कागजों पर दिखा दिया। इसी लापरवाही से तंग आकर सभी लोग तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए और दो बजे के बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।
प्रमुख मांगें:
स्थलीय निरीक्षण: कम्पिल से भोगपुर मार्ग और संबंधित नाले का तत्काल निष्पक्ष स्थलीय निरीक्षण कराया जाए।
स्थायी जल निकासी: नाले के पानी की स्थायी निकासी कराकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि फसलों का नुकसान रुके।
लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई: पूर्व में भ्रामक आख्या लगाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाए।
बजट व निर्माण की जांच: नाले एवं सड़क निर्माण हेतु स्वीकृत बजट और वास्तविक खर्च की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इस दौरान महेश चन्द्र शाक्य (सभासद नगर पंचायत कम्पिल व सदस्य जिला योजना समिति), दीपांशु शाक्य, अशोक कुमार शाक्य, अखिलेश कुमार, मदनलाल, संजीव कुमार, कैलाश, दिलीप कुमार, शिशुवीर सहित तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


