विद्यालय मे दो रोटी और एक चमचा दूध मांगने पर मासूम से कथित मारपीट, पुलिस से शिकायत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :- थाना अमृतपुर का गांव आसमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक अनाथ छात्र के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।आरोप है कि कक्षा 3 में पढ़ने वाले छात्र कृष्ण ने मिड-डे मील के दौरान भूख लगने पर अतिरिक्त दूध और दो रोटी मांग ली,जिससे नाराज होकर प्रधानाध्यापक ने उसकी पिटाई कर दी।ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में करीब 70 बच्चों के लिए मात्र लगभग दो लीटर दूध तैयार कराया गया था। इसी दौरान छात्र कृष्ण ने थोड़ा और दूध देने की मांग की। आरोप है कि इस बात पर प्रधानाध्यापक नीलम भड़क गईं और छात्र को डांटते हुए उसके साथ मारपीट की।घटना के बाद बच्चा सहम गया और रोते हुए घर पहुंचा।मामले की जानकारी मिलने पर एआरपी मयंक दुबे भी विद्यालय पहुंचे।ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पीड़ित बच्चे की दादी को ही फटकार लगाई तथा विद्यालय के गेट पर ताला लगाए रखने और बच्चों को बाहर न जाने देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पूरे मामले को दबाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित छात्र अनाथ और बेहद गरीब परिवार से है, इसके बावजूद उसे भोजन तक नहीं दिया गया। घटना के बाद गांव में शिक्षा व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सरकार बच्चों को पौष्टिक भोजन और बेहतर शिक्षा देने के दावे करती है,लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं बदहाल हैं।पीड़ित पक्ष ने थाना अमृतपुर पहुंचकर मामले में तहरीर दी है। थाना अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में रोष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का स्थान होता है, लेकिन एक भूखे अनाथ बच्चे के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


