गंगा का जलस्तर बढ़ते ही हरकत में प्रशासन, बाढ़ से जंग के लिए डीएम डॉ. अंकुर लाठर का मास्टर प्लान तैयार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– राहत शिविरों में बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित, खेलकूद, शुद्ध भोजन और पशुओं के ठहराव तक की होगी विशेष व्यवस्था
अमृतपुर / फर्रुखाबाद (ब्यूरो) :- गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए फर्रुखाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए पहले से अधिक आधुनिक, व्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया गया है, ताकि किसी भी परिस्थिति में जनजीवन सुरक्षित रखा जा सके।डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त राहत एवं बाढ़ शरणालय स्थापित किए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष रूप से बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए शिविरों में अध्यापकों की ड्यूटी लगाई जाएगी तथा उनके खेलने-कूदने की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल, ताजा एवं शुद्ध पका हुआ भोजन, चिकित्सा सुविधाएं, दवाइयां और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार पशुओं के सुरक्षित ठहराव और चारे की व्यवस्था भी राहत शिविरों में की जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा गंगा किनारे कटान रोकने के लिए कराए जा रहे सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कर लिए गए हैं। संवेदनशील तटबंधों और कटान प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर 136.20 मीटर पर दर्ज किया गया है, जबकि चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर है। जलस्तर अभी चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल राहत कार्य करना नहीं, बल्कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को सुरक्षित आश्रय, सम्मानजनक सुविधाएं और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों से बचें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


