जिलाधिकारी लाठर ने मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की वैधता तिथि एवं ज्वेलरी की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता जांची
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– धनतेरस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लाल गेट से चौक तक किया पैदल निरीक्षण दीपावली पर्व के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं बाजारों की सजावट का लिया जायजा
– दीपावली एवं छठ पूजा के दृष्टिगत शहर में बेहतर साफ-सफाई, चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था एवं आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
फर्रुखाबाद :- दीपावली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा आज धनतेरस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लाल गेट से चौक तक पैदल भ्रमण कर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं दुकानों तथा प्रमुख चौराहों पर की गई सजावट का जायजा लिया। 
निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा शहर में मार्च पास्ट भी निकाला गया। इसका उद्देश्य आमजन एवं व्यापारियों में सुरक्षा का भाव मजबूत करना तथा त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की सक्रियता का संदेश देना रहा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों एवं आमजन से संवाद किया तथा त्योहार के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बाजार क्षेत्र में स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेट एवं डिब्बों पर अंकित वैधता तिथि तथा अन्य आवश्यक विवरणों की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता पर विशेष निगरानी रखी जाए। आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने ज्वेलरी की दुकानों पर सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली एवं आगामी छठ पूजा के दृष्टिगत शहर के प्रमुख बाजारों, मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। कहीं भी कूड़े के ढेर एवं जलभराव की स्थिति न रहने पाए। नियमित रूप से कूड़ा उठान एवं सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख चौराहों एवं बाजारों में की गई सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए, जिससे त्योहार के दौरान शहर का वातावरण स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक दिखाई दे। विद्युत एवं नगर निकाय से संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर प्रकाश व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें तथा कहीं भी अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली एवं छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्वों पर आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की जाए। प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बनने पाए तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा लगातार गश्त एवं निगरानी रखी जाए। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहारों के दौरान पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहे, जिससे आमजन निर्भीक होकर पर्व मना सकें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनपदवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि सभी लोग हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मना सकें।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संबंधित अधिकारी तथा पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा




