दीपावली पर भी मुस्तैद रहेगा स्वास्थ्य विभाग, अस्पतालों से सीएचसी तक चिकित्सकों की लगाई ड्यूटी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– 8 से 10 नवंबर तक इमरजेंसी, प्रसव और आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं रहेंगी संचालित, सीएमओ के निर्देश पर जारी हुआ ड्यूटी रोस्टर
फर्रुखाबाद :- दीपावली पर्व पर अवकाश के दौरान भी जिले की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु बनी रहेंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर 8 से 10 नवंबर तक जनपद के सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में चिकित्सकों सहित स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय, सिविल अस्पताल लिंजीगंज तथा शमसाबाद, कमालगंज, नवाबगंज, कायमगंज और मोहम्मदाबाद सहित विभिन्न सीएचसी में विशेष ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान मरीजों को इमरजेंसी, प्रसव और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सीएचसी शमसाबाद में तीन पालियों में डॉ. नितिन कुमार राजपूत, डॉ. अरविंद कुमार और डॉ. अनीश भारती की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं कमालगंज में 8 नवंबर को डॉ. जुबैर, 9 नवंबर को डॉ. अनुपम वर्मा और 10 नवंबर को डॉ. विनेश माथुर जिम्मेदारी संभालेंगे। इनके साथ फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
इसी तरह नवाबगंज, कायमगंज और मोहम्मदाबाद सीएचसी में भी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के लिए तैनात किया गया है।
सिविल अस्पताल लिंजीगंज में इमरजेंसी के साथ प्रसव सेवाएं जारी रखने के लिए अलग-अलग पालियों में चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। वहीं लोहिया पुरुष चिकित्सालय में भी 8, 9 और 10 नवंबर को सुबह, दोपहर और रात्रि की पालियों में चिकित्सकों को इमरजेंसी सेवाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीएमओ ने संबंधित चिकित्सा इकाइयों को जारी ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की इस व्यवस्था से दीपावली के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space




