रफ्तार का कहर: अवैध डबल डेकर बस ने ट्रैक्टर बचाने के चक्कर में छायाग्रह को किया ध्वस्त, परिचालक गंभीर रूप से घायल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रुखाबाद :- क्षेत्र में फर्राटा भर रही अवैध डबल डेकर बसों की बेलगाम रफ्तार ने एक बार फिर भयानक हादसे को जन्म दे दिया। विमल चतुर्वेदी ट्रेवल्स की तेज रफ्तार अनियंत्रित डबल डेकर बस अचानक सामने आए एक ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर टेढ़ीकोन स्थित छायाग्रह में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा छायाग्रह मलबे में तब्दील होकर ध्वस्त हो गया। हादसे में बस का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई अन्य सवारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

सवारी कर रहे यात्रियों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बस का चालक वाहन को बेहद तेज और लापरवाही से चला रहा था। यात्रियों के मुताबिक यदि बस की गति नियंत्रित होती, तो इस भयंकर दुर्घटना को आसानी से टाला जा सकता था और इतना बड़ा हादसा होने से बच जाता। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर MP13ZN8511 है, और पूछताछ में चालक ने अपना नाम लालू बताया है।
घटना की जानकारी मिलते ही हल्का-3 के सिपाही मनोज चौधरी अपने पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। समाचार लिखे जाने तक पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहकर शांति व्यवस्था और राहत कार्यों में जुटा रहा।
इस पूरे हादसे ने विमल चतुर्वेदी ट्रेवल्स द्वारा संचालित अवैध बस सेवाओं की कलई खोलकर रख दी है। क्षेत्र में विमल चतुर्वेदी ट्रेवल्स की डबल डेकर बसें पूरी तरह अवैध रूप से धड़ल्ले से चलाई जा रही हैं। आलम यह है कि फर्रुखाबाद से लेकर अलीगंज तक जगह-जगह बस मालिक के टिकट विक्रेता और ठेकेदार बैठकर खुलेआम अवैध वसूली का अड्डा चला रहे हैं। इन अवैध संचालकों और बस मालिक की मनमानी के कारण ही चालकों के हौसले बुलंद हैं, जो यात्रियों की जान को ताक पर रखकर सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही और हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में बस मालिक के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा




