भैया दूज पर सड़कों से लेकर बसों और ट्रेनों तक उमड़ी भीड़, मिठाई की दुकानों पर फिर पुराने ढर्रे पर कारोबार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :- भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व जिले भर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही सड़कों पर खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों के घर पहुंचने और भाइयों के अपनी बहनों से तिलक कराने जाने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। इसके चलते निजी वाहनों से लेकर रोडवेज बसों, ट्रेनों और डग्गामार वाहनों तक में यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी।

सुबह से ही बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं ट्रेनों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही। निजी कार, बाइक और अन्य वाहनों से लोग अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आए। त्योहार के चलते डग्गामार वाहनों ने भी सड़कों पर खूब फर्राटा भरा। ग्रामीण क्षेत्रों से कस्बों और शहरों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भीड़ का सामना करना पड़ा।
दीपावली के बाद फिर पुराने ढर्रे पर लौटीं मिठाई की दुकानें
त्योहारी उत्साह के बीच मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली, लेकिन मिठाइयों की गुणवत्ता और पैकेटों पर एक्सपायरी तिथि अंकित होने का मामला एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया। दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन मिठाई की दुकानों पर केवल दीपावली के दिन तक ही दिखाई दिया। इसके बाद फिर से दुकानदार पुराने ढर्रे पर लौटते नजर आए।
आरोप है कि मिठाई के डिब्बों पर न तो निर्माण तिथि और न ही एक्सपायरी तिथि स्पष्ट रूप से अंकित दिखाई दे रही है। ऐसे में ग्राहकों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि वे जो मिठाई खरीद रहे हैं, वह कितनी पुरानी है और कितने समय तक खाने योग्य है।
सवाल यह है कि जब जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन दीपावली के दिन तक ही होना था तो फिर त्योहार के बाद खाद्य सुरक्षा और ग्राहकों के हितों की निगरानी कौन करेगा? क्या संबंधित विभाग केवल त्योहारों पर ही सक्रिय रहता है? आम नागरिकों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मिठाई की दुकानों पर नियमित जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भैया दूज के इस पावन पर्व पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह जताया। कुल मिलाकर जिले में दिनभर त्योहार की रौनक रही, लेकिन मिठाई के डिब्बों पर तिथि अंकित न होने का मुद्दा प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता नजर आया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा




