आलू किसान बचाओ यात्रा बांगरमऊ पहुंची, पैदल लखनऊ पहुंच राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद :-
आलू किसानों द्वारा निकाली जा रही ‘आलू किसान बचाओ यात्रा’ बुधवार को उन्नाव जिले के बांगरमऊ पहुंची। किसान नेता अशोक कटियार के नेतृत्व में यह यात्रा लखनऊ के लिए पैदल रवाना हुई, जहां राजभवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर आलू किसानों की समस्याओं को उठाया जाएगा।
यह यात्रा फर्रुखाबाद की आलू मंडी सातनपुर से शुरू हुई है। बांगरमऊ में तिकोनिया पार्क पहुंचने पर किसानों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद वे अपनी आगे की यात्रा के लिए लखनऊ की ओर बढ़ गए।
किसान नेता अशोक कटियार ने बताया कि फर्रुखाबाद जिला देश ही नहीं, विदेशों तक आलू निर्यात के लिए जाना जाता रहा है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से आलू किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, जिससे उनकी स्थिति दयनीय हो गई है।
कटियार ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर किसानों की आय बढ़ाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आलू की फसल का उचित मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि किसान अपनी फसल को खेतों में ही जोतकर नष्ट करने को मजबूर हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि आलू से शराब, वोडका, आटा और नमकीन सहित कई उत्पाद बनाए जा सकते हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। कटियार ने सवाल उठाया कि जब गो-आश्रय स्थलों के लिए भूसा खरीदा जा सकता है, तो आलू को पशु चारे के रूप में क्यों नहीं खरीदा जा सकता। उन्होंने आलू उत्पादक जिलों में आलू आधारित उद्योग स्थापित करने की मांग की, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सके।
इस यात्रा में अशोक कटियार के साथ अजय, अनमोल, आकाश कटियार, नितिन कठेरिया, लालू यादव और विजय कटियार सहित लगभग पचास किसान शामिल हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


