गंगा स्नान जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पिकअप की टक्कर से पलटी, नौ घायल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- थाना कंपिल थाना क्षेत्र में गंगा दशहरा स्नान के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पिकअप की टक्कर से पलट गई। यह हादसा रुदायन गांव के समीप हुआ। दुर्घटना में महिलाओं,बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जनपद एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव नखटई और नगला सुभान के लगभग 20 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। सोमवार सुबह जब उनका वाहन कंपिल थाना क्षेत्र के रुदायन गांव के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर और ट्रॉली पलट गई जिसमें सवार श्रद्वालु नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आवाज सुन स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पलटी ट्रॉली को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सीएचसी कायमगंज भेजा गया।
इस हादसे में बलवीर सिंह (55), मिश्री लाल (60) निवासी गांव नखटई, रेशमा (65), सर्वेश (14), गिरजा देवी (50), कमलेश कुमार, महक (10), शिल्पी (17) और सेजल (8) निवासी नगला सुभान घायल हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महक और शिल्पी को छोड़कर अन्य सात घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
घायल मिश्रीलाल ने बताया कि सभी लोग कंपिल के अटेना गंगा घाट पर दशहरा स्नान के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर चालक रामरूप पुत्र रामेश्वर दयाल निवासी नगला सुभान वाहन चला रहा था। कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


