उच्चस्तरीय टीम ने परखी पल्स पोलियो अभियान की हकीक़त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रूखाबाद / नवाबगंज (ब्यूरो) :- कस्बा नवाबगंज में चल रहे पोलियो अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक एएनएम से वैक्सीन स्टॉक और कोल्ड चेन रखरखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं।निरीक्षण टीम में जी.एम.आर.आई. डॉ. मनोज कुमार मिश्रा और ए.सी.एम.ओ. डॉ. सर्वेश यादव शामिल थे। टीम ने सबसे पहले नगर की ‘चिकनवाली गली’ का दौरा किया। अधिकारियों ने घर-घर जाकर बच्चों के हाथों पर लगे स्याही के निशान देखे और अभिभावकों से पोलियो खुराक पिलाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने क्षेत्र में लोगों की उपस्थिति और उनकी लोकेशन के बारे में भी जानकारी जुटाई।
क्षेत्रीय भ्रमण के बाद, स्वास्थ्य विभाग की टीम सीधे नवाबगंज नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। टीम ने सबसे पहले अधीक्षक कक्ष में जाकर सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा से क्षेत्र में चल रहे पोलियो अभियान और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर विस्तृत फीडबैक लिया।इसके बाद अधिकारी सीधे अस्पताल के टीकाकरण कक्ष में पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात एएनएम आरती से पूछताछ शुरू की गई। टीम ने पारदर्शिता और गहनता से जांच करने के लिए लगभग 30 मिनट तक एएनएम से जानकारी ली। बाद में, वैक्सीनेशन कक्ष के गेट बंद करके भी करीब 20 मिनट तक जीएमआरआई डॉ. मनोज कुमार मिश्रा और एसीएमओ ने एएनएम आरती से सघन पूछताछ की।बंद कमरे में हुई इस लंबी पूछताछ के दौरान स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की कमियां सामने आईं। ड्यूटी पर मौजूद एएनएम आरती अधिकारियों के कई बुनियादी सवालों के जवाब नहीं दे सकीं। वह स्टॉक में मौजूद वैक्सीन की सही स्थिति और उपलब्धता के बारे में अधिकारियों को संतुष्ट नहीं कर पाईं। पोलियो ड्रॉप्स को सुरक्षित रखने के लिए सबसे महत्वपूर्ण ‘कोल्ड चेन मेंटेनेंस’ को लेकर पूछे गए सवालों पर भी एएनएम पूरी तरह निरुत्तर रहीं। अधिकारियों ने एएनएम से वैक्सीनेशन वाले ऐप और डिलीवरी के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वह इन विषयों पर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं।एएनएम से लंबी पूछताछ और व्यवस्थाओं में कमियां मिलने के बाद, दोनों उच्च अधिकारी बाहर निकले। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा से क्षेत्र में हो रहे पोलियो अभियान की प्रगति को लेकर एक बार फिर कड़े शब्दों में जानकारी मांगी। अधिकारियों ने अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और कोल्ड चेन जैसी अति-संवेदनशील व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए हैं। एएनएम की इस अज्ञानता पर विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

