दिल्ली में महिला पत्रकारों से मारपीट पर उबाल, निष्पक्ष जांच की मांग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई आवाज
फर्रूखाबाद :- दिल्ली में दो महिला स्वतंत्र पत्रकारों के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता पर सवाल खड़े करने वाली इस घटना के विरोध में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।
शनिवार को एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल गौड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित मांग पत्र जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार को सौंपा। 
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि थाना साकेत नगर, दिल्ली में दो महिला स्वतंत्र पत्रकार शाहीन खान एवं नफीसा खान के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि एक कार्यक्रम के दौरान दोनों पत्रकारों को पुलिसकर्मी जबरन थाने ले गए और उनकी धार्मिक पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं।
एसोसिएशन ने कहा कि घटना से संबंधित वीडियो और पत्रकार संगठनों की ओर से सामने आए बयानों ने मामले को गंभीर बना दिया है। यदि पत्रकार ही पुलिस कार्रवाई के दौरान सुरक्षित नहीं हैं, तो स्वतंत्र एवं निर्भीक पत्रकारिता के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही घटनास्थल और थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित कराई जाए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय महासचिव संजय शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनिल प्रजापति, राष्ट्रीय सचिव ताहिर खान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपक तिवारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनय सक्सेना, जिला महामंत्री इरशाद अली, जिला उपाध्यक्ष महेश वर्मा, विजय कुमार सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


