सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा: यूपीए सरकार में मनमोहन सिंह संभालते थे सरकार, तो वह चलाती थीं पार्टी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नई दिल्ली (डेस्क) :- कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ रिलीज हो गई है। इस पुस्तक में उन्होंने अपने निजी जीवन से लेकर देश की राजनीति और यूपीए सरकार के कार्यकाल से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर खुलकर अपनी बात रखी है। सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि यूपीए सरकार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और उनके बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किस तरह होता था।
सोनिया गांधी के मुताबिक, यूपीए सरकार के दौरान डॉ. मनमोहन सिंह सरकार चलाने की जिम्मेदारी संभालते थे, जबकि वह स्वयं कांग्रेस पार्टी और संगठन को मजबूत करने का काम देखती थीं। इस तरह सरकार और पार्टी की जिम्मेदारियां अलग-अलग स्तर पर निभाई जाती थीं।
सरकारी फाइलें मंगवाने के आरोपों को बताया झूठा
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में उन आरोपों को भी खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि प्रधानमंत्री कार्यालय से सरकारी फाइलें उनके पास भेजी जाती थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें कभी सरकारी फाइलें नहीं दिखाई गईं। उनके अनुसार, सरकार गठन के समय उन्होंने केवल कुछ सुझाव दिए थे, ताकि उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को उचित अवसर मिल सके, जिन्होंने पार्टी के सत्ता से बाहर रहने के दौरान लंबे समय तक संगठन के लिए काम किया था।
उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय से फाइलें मंगवाने के आरोपों को दुर्भावनापूर्ण और पूरी तरह झूठा बताया है।
2004 में ही प्रधानमंत्री नहीं बनने का ले लिया था फैसला
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में एक और महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से कई महीने पहले ही उन्होंने अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ यह निर्णय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री का पद स्वीकार नहीं करेंगी।
उन्होंने बताया कि उनके बच्चों ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनने की सलाह दी थी। इस फैसले का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने लिखा कि एक समय ऐसा आया, जब उनके मन से सभी संदेह दूर हो गए और उन्होंने महसूस किया कि उन्हें अपने निर्णय पर कायम रहना चाहिए।
मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने के पीछे थी खास वजह
सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री चुने जाने के पीछे की वजह भी बताई है। उनके मुताबिक, वर्ष 1991 में भारतीय अर्थव्यवस्था के उदारीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. मनमोहन सिंह की छवि ऐसी थी, जो यूपीए सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे वामपंथी दलों की आर्थिक नीतियों से जुड़ी चिंताओं को दूर करने में मदद कर सकती थी।
सोनिया गांधी की इस पुस्तक में किए गए खुलासे एक बार फिर वर्ष 2004 से 2014 तक चली यूपीए सरकार के कामकाज, नेतृत्व और सत्ता के दौरान पार्टी तथा सरकार के बीच रहे संबंधों को चर्चा में ले आए हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space




