चेतावनी पोस्टर के बावजूद सड़क किनारे बेतरतीब खड़े हो रहे वाहन, जाम की समस्या बढ़ी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कायमगंज / फर्रूखाबाद :- नगर की कस्बा चौकी के बाहर वाहन चालकों को यातायात व्यवस्था के प्रति चेतावनी देने वाला पोस्टर लगा होने के बावजूद इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। वाहन चालक बेखौफ होकर सड़क किनारे, दीवारों के सहारे तथा सरकारी अस्पताल के आसपास बाइकों को कतारबद्ध और आड़े-तिरछे खड़े कर रहे हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे खड़े होने वाले अधिकांश दोपहिया वाहनों के स्वामी तहसील और मुंसिफ न्यायालय में किसी न किसी कार्य से आने वाले लोग होते हैं। आरोप है कि तहसील परिसर में निर्धारित पार्किंग का शुल्क बचाने के चक्कर में कई लोग अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं। देखते ही देखते सड़क के किनारे बाइकों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे सड़क का काफी हिस्सा वाहनों की चपेट में आ जाता है।

सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े इन वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। सबसे अधिक परेशानी सरकारी अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों, तहसील व न्यायालय पहुंचने वाले वादकारियों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा राहगीरों को उठानी पड़ती है। जाम के दौरान कई बार लोगों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क किनारे अवैध एवं बेतरतीब पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की जाए और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से चेतावनी पोस्टर को महज औपचारिकता न बनाकर उसके अनुरूप कार्रवाई किए जाने तथा सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


