नवाबगंज में खेत में मिला वृद्ध महिला का शव, गले में कसा था गमछे का फंदा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव भंगौरा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में एक वृद्ध महिला का शव पड़ा मिला। महिला के गले में गमछे का फंदा कसा हुआ था। खेत में मां का शव देखकर पुत्र के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार गांव भंगौरा निवासी नन्हे सोमवार को अपने खेत में गोबर डालने जा रहा था। जब वह खेत पर पहुंचा तो वहां अपनी मां राममूर्ति (पत्नी स्वर्गीय रामविलास) का शव पड़ा देखकर स्तब्ध रह गया। पास जाकर देखने पर महिला के गले में गमछे का फंदा कसा हुआ दिखाई दिया। मां को मृत अवस्था में देखकर नन्हे बदहवास हो गया और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। 
घटना की सूचना तत्काल थाना नवाबगंज पुलिस को दी गई। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह, मोहम्मदाबाद थाना प्रभारी बलराम मिश्रा तथा उपनिरीक्षक गीतम सिंह और सत्यनारायण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पीआरवी-112 के माध्यम से खेत में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के गले में गमछा कसा हुआ था और शव जमीन पर पड़ा था। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य यशवीर आर्य भी मौके पर पहुंचे। मृतका के पुत्र रामशरण, आसाराम, मुकेश, मानसिंह और नन्हे का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल वृद्ध महिला की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। घटना के बाद से गांव में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space




