जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता राष्ट्र के विकास एवं बेहतर भविष्य की मजबूत आधारशिला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य ने भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वयं की स्वगणना, जनपदवासियों से महाअभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील
फर्रुखाबाद :- भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने के उद्देश्य से आज मा० विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य जी द्वारा स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इस अवसर पर उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय महाअभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा स्वगणना के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराकर राष्ट्र की उन्नति एवं विकास में अपना योगदान दें।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी अमृतपुर सुश्री श्वेता साहू द्वारा मा० विधायक जी को स्वगणना की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान स्वगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन माध्यम से विवरण दर्ज करने तथा जनगणना अभियान में नागरिकों की सहभागिता के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मा० विधायक श्री सुशील कुमार शाक्य जी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक स्वरूप को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के प्रभावी नियोजन एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सभी लोग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें तथा अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देशन में जनपद में भारत की जनगणना-2027 के प्रति व्यापक जनजागरूकता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद का प्रत्येक पात्र परिवार इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़े और जनगणना की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाए।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 को राष्ट्रीय दायित्व एवं जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर मानते हुए स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रत्येक नागरिक द्वारा दी गई सही एवं सटीक जानकारी देश के बेहतर नियोजन, संसाधनों के समुचित वितरण तथा समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होगी।
जनगणना में सहभागिता–राष्ट्र निर्माण में भागीदारी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space




