जमीन के विवाद में महिला की हंसिए से हत्या, घर के अंदर बैठा मिला आरोपी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
– पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच, मायके पक्ष ने लगाया जमीन के विवाद में हत्या का आरोप
फर्रूखाबाद / नवाबगंज (ब्यूरो) :- कस्बा नवाबगंज के तिराहा निवासी 55 वर्षीय महिला की बुधवार को हंसिए से काटकर हत्या कर दी गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। हत्या के बाद आरोपी घर के अंदर ही बैठा रहा। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने घर का दरवाजा खुलवाकर आरोपी को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

कस्बा नवाबगंज के तिराहा निवासी जगमोहन शर्मा अपने भाई रामरतन शर्मा के साथ एक ही घर में रहते हैं। जगमोहन शर्मा की कोई संतान नहीं है। उन्होंने अपने साले की पुत्री शिल्पी को गोद ले रखा है। बुधवार को जगमोहन शर्मा अपनी गोद ली हुई पुत्री शिल्पी के साथ जनपद इटावा के थाना जसवंतनगर क्षेत्र में दवा लेने गए थे। घर पर उनकी 55 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी शर्मा अकेली थीं।

दोपहर बाद जगमोहन शर्मा को फोन पर पत्नी की हत्या किए जाने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही वह घर पहुंचे। वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। घर के एक कमरे में उनकी पत्नी लक्ष्मी शर्मा का शव खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़ा था।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि परिवार के ही एक नाती ने हंसिए से महिला की हत्या कर दी और वारदात के बाद घर के अंदर ही बैठा रहा। लोगों ने जब घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह अंदर से बंद था। बवना तिराहे पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड तारा सिंह ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर आरोपी चारपाई पर बैठा मिला, जिसे पकड़ लिया गया। इसके बाद होमगार्ड ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में खून फैला हुआ था तथा दीवारों पर भी खून के छींटे मिले। महिला का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था।
आरोपी की बहन को भी बनाया बंधक
आरोपी की बहन ने पुलिस को बताया कि वह बाजार से वापस घर लौटी थी, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया। बाद में दरवाजा खोला गया तो आरोपी ने उसे पकड़कर बांध दिया और कमरे के अंदर बंद कर दिया। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।
मायके पक्ष ने लगाया जमीन के विवाद में हत्या का आरोप
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव नगला कलार निवासी मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने जमीन के विवाद को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं घटनास्थल पर दीवारों और जमीन पर मिले खून के निशानों को देखकर लोगों का अनुमान है कि महिला की हत्या घर की गैलरी में की गई और बाद में शव को खींचकर कमरे के अंदर डाल दिया गया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों और हत्या में शामिल अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


