प्रेम प्रसंग की रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शमसाबाद / फर्रुखाबाद :- थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव रामपुर जसू में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। 40 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह युवक का शव हैंडपंप के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम और क्षेत्राधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, रामपुर जसू निवासी रजनेश राजपूत (40) पुत्र वीरेंद्र राजपूत पिछले कई महीनों से पारिवारिक विवाद के चलते अपने परिवार के साथ फर्रुखाबाद में रह रहे थे। बताया गया कि उनके पुत्र गुरवचन का गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार राजपूत की पुत्री साधना से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब आठ माह पहले गुरवचन साधना को लेकर घर से चला गया था। बाद में पंचायत के माध्यम से साधना को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि, करीब चार माह पूर्व साधना दोबारा गुरवचन के साथ चली गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।
परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 24 जून को नेम सिंह ने रजनेश पर रमापुर चौराहे पर हमला किया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब नौ बजे आरोपियों ने रजनेश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद मामला फिर बिगड़ गया। रजनेश के भाई अमोल ने आरोप लगाया कि नेम सिंह, उसकी पत्नी, साढ़ू धर्मेंद्र, उसकी पत्नी रजनी तथा चार अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर रजनेश के साथ मारपीट की और परिवार को धमकाया।
आरोप है कि मारपीट के बाद रजनेश घर में बेहोशी की हालत में पड़े थे। बुधवार सुबह उनका शव हैंडपंप के पास मिला। सुबह करीब 6:30 बजे भाई अमोल ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना के बाद मृतक की पत्नी आरती, पुत्र गुरवचन और गोलू तथा पुत्रियों दीक्षा व दिव्या का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि घटना की मौखिक सूचना मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space




