झूलती बिजली की केबलों से मिलेगी राहत,करीब 6 करोड़ रुपये से होंगे कार्य,नए ट्रांसफार्मर लगेंगे
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
फर्रुखाबाद (फर्रूखाबाद) :- शहर में झूलती बिजली की केबलों से उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने वाली है। बिजनेस प्लान के तहत शहर के 63 चिह्नित स्थानों पर बंच केबल बिछाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब छः करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसकी जानकारी गुरुवार को नगरीय अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत नरायनपुर, गुंजन विहार कॉलोनी, जेएनवी रोड, हाथीखाना, पटेल नगर (नेकपुर), बढ़पुर, क्रिश्चियन फील्ड, खटकपुरा इज्जत खां, मन्नीगंज, शोरावाली गली, मोहल्ला तलैया और संगत सहित कुल 63 स्थानों पर बंच केबल डाली जाएगी।
इन क्षेत्रों में झूलती और जर्जर बिजली की केबलों के कारण आए दिन फाल्ट होते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। कई बार केबल जोड़ने के लिए पूरे फीडर का शटडाउन करना पड़ता है।
शहर में ओवरलोडिंग भी बड़ी समस्या बनी हुई है। गर्मी के मौसम में बिजली का लोड बढ़ने से फाल्ट की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल पाती। इसे देखते हुए नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे और मौजूदा ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
नगरीय अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने बताया कि बंच केबल बिछाने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कार्यदायी संस्था का चयन होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों कार्यों पर लगभग 6 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
योजना पूरी होने के बाद चिह्नित मोहल्लों के उपभोक्ताओं को जर्जर और झूलती बिजली की केबलों से राहत मिलेगी तथा बिजली आपूर्ति पहले से अधिक सुचारु हो सकेगी
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


